प्रत्येक मतदेय स्थल पर सुबह 10:30 से 4:30 बजे तक बीएलओ की रहेगी मौजूदगी
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से कराए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के अन्तर्गत दावा एवं आपत्ति अवधि में अधिक से अधिक संख्या में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए रविवार को जनपद के सभी बूथों पर विशेष अभियान का आयोजन होगा। बीएलओ बूथों पर 6 जनवरी को प्रकाशित हुई मतदाता सूची काे पढ़कर सुनाएंगे, ताकि जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रह गए हैं, वे अपना नाम जुड़वा सकें। जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों को बूथों की निगरानी करने के निर्देश जारी किए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 11, 18 जनवरी, 31 जनवरी को विशेष अभियान दिवस आयोजित किये गये थे। इसी कड़ी में रविवार को जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जा रहा है। बताया कि विशेष अभियान दिवस को सफल बनाने के लिए समस्त ईआरओ को निर्देश जारी किए गए हैं कि विशेष अभियान में प्रत्येक मतदेय स्थल पर सुबह 10:30 से 4:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे।
सभी बीएलओ के पास 6 जनवरी, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची व पर्याप्त संख्या में सभी प्रकार के फार्म में 6, 6A,7 एवं 8 उपलब्ध रहेंगे। विशेष अभियान में प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गयी है। जहां मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता प्रदान की जाएगी। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को अभियान तिथि की जानकारी देते हुए उनसे सहयोग प्राप्त करने के निर्देश दिए। सभासदों, ग्राम प्रधानों एवं स्वयंसेवकों का भी सहयोग लिया जाएगा। समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को भ्रमणशील रहते हुए विशेष अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिये हैं।
सभी नागरिकों से अपील की है कि विशेष अभियान दिवस पर अपने बूथ पर जाकर अपना व अपने परिवार के सदस्यों के नाम 6 जनवरी को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में अंकित नहीं हुआ या ऐसे सदस्य जिनकी आयु 1 जनवरी को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी हो, उनका भी फार्म 6 घोषणा पत्र सहित भरवाकर अपने बूथ लेवल अधिकारी को उपलब्ध करा दें या voters.eci.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन भी आवेदन किया जा सकता है।