Tuesday, March 31, 2026

कासगंजः जयमाला के बाद मां को आया हार्ट अटैक, बेटी की डोली से पहले उठी अर्थी; शादी की खुशियां मातम में बदलीं

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 23, 2026

कासगंजः जयमाला के बाद मां को आया हार्ट अटैक, बेटी की डोली से पहले उठी अर्थी; शादी की खुशियां मातम में बदलीं

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज। जनपद के बेरी हरनामपुर गांव में एक हृदयविदारक घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बेटी की डोली उठने से पहले ही मां की अर्थी उठ गई। जयमाला के दौरान बेटी को आशीर्वाद देने के कुछ ही देर बाद मां को अचानक हृदयाघात आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई।


बेरी हरनामपुर निवासी छोटेलाल की बेटी रेखा की बरात रविवार को अतरौली (जनपद अलीगढ़) से आई थी। घर में विवाह का उल्लास छाया हुआ था। मंगलगीत गूंज रहे थे और बराती खुशी में झूम रहे थे। बरात चढ़ने के बाद द्वारचार की रस्म पूरी हुई और जयमाला संपन्न हुई। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देने के लिए परिजन मंच पर पहुंच रहे थे।

इसी दौरान दुल्हन की मां शशिदेवी (55) पत्नी छोटेलाल ने बेटी को आशीर्वाद दिया, लेकिन कुछ ही क्षण बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन तत्काल उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार मौत का कारण हृदयाघात बताया गया।

मां की मौत की खबर मिलते ही विवाह स्थल पर सन्नाटा छा गया। जहां कुछ देर पहले तक मंगलगीत गूंज रहे थे, वहां चीख-पुकार मच गई। परिजन रोने-बिलखने लगे। अस्पताल से शव गांव लाया गया। गमगीन माहौल में विवाह की शेष औपचारिकताएं पूरी की गईं।

सोमवार सुबह दुल्हन की विदाई से पहले शशिदेवी का अंतिम संस्कार गांव में ही कर दिया गया। मां के अंतिम संस्कार के बाद भारी मन से बेटी की विदाई हुई। परिजनों ने बताया कि माहौल अत्यंत गमगीन है और सभी रस्में सादगी से पूरी की गईं। इस हृदयविदारक घटना से पूरा गांव स्तब्ध है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.