आगामी होली पर्व और रमजान के मद्देनजर जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में पुलिस ग्राउंड सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु तथा व्यापार मंडल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार पारंपरिक तरीके से ही मनाए जाएं और किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाएगी। वक्ताओं ने कहा कि होली आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी होली और रमजान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के लिए पुलिस अधीक्षक नगर को नामित किया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी असामाजिक गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी।
प्रशासन ने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, नशे की हालत में वाहन चलाने या शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई कि वे आपसी सहयोग और सद्भाव के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें।
जनपद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 प्रभावी है और इसका सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा। आबकारी विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करें तथा ओवररेटिंग और जहरीली शराब की बिक्री पर पूर्ण रोक सुनिश्चित करें।
नगर निकाय और पंचायती राज विभाग को निर्देशित किया गया कि जिन मार्गों पर होली जलाई जाती है, उनका पूर्व निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत कराई जाए। जिला चिकित्सालय सहित अन्य अस्पतालों में 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत विभाग को झूलते और लटकते तारों को दुरुस्त करने तथा अग्निशमन विभाग को पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और शांति व सौहार्द बनाए रखने का संकल्प दोहराया।