घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा, व्यापारी और सत्ता-विपक्ष पार्षदों ने किया प्रदर्शन
नगर निगम में दुकानों का किराया 700 रुपये से बढ़ाकर 14 हजार रुपये तक कर दिया गया। जिसे लेकर गुस्साए व्यापारियों ने बुधवार को बड़ी संख्या में निगम परिसर में पहुंच कर जमकर विरोध प्रदर्शन कर हंगामा किए। कई घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। इस दौरान सत्ता और विपक्ष के पार्षद भी व्यापारियों का समर्थन करते दिखाई दिए। प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी हुई और अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश जताया। कई व्यापारियों के फोन पहुंचने पर सांसद छत्रपाल गंगवार और मेयर डा. उमेश गौतम को मौके पर पहुंच कर समाधान का आश्वासन दिए।
काफी समय से दुकानों के किराया और प्रीमियम दरों को लेकर नगर निगम और व्यापारी आमने सामने हैं। बुधवार को ये मामला आक्रोश में तब्दील हो गया। कई पार्षद, व्यापारी नगर निगम पहुंचे और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। मेयर, नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर तमाम दुकानदार धरने पर बैठ गए। व्यापारियों का आरोप है कि बिना पूर्व सूचना और सहमति के किराया कई गुना बढ़ा दिया गया, जो छोटे दुकानदारों के लिए असंभव है। उनका कहना है कि पहले 700 रुपये मासिक किराया लिया जाता था, जिसे सीधे 14 हजार रुपये कर दिया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पार्षद राजेश अग्रवाल ने टैक्स कमेटी पर व्यापारियों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई बार ज्ञापन देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। पूर्व उपसभापति अतुल कपूर का कहना है कि शासन प्रशासन जनता के हित में काम कर रहे हैं। लेकिन नगर निगम में इनकी अनदेखी हो रही है। व्यापारी परेशान हुए तो हमने खुद सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार के आवास पर पहुंचे। मेयर को भी इस मामले की सूचना दी। दोनों नगर निगम पहुंचे।
अपर नगर आयुक्त शशिभूषण राय का कहना है कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उधर, व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि किराया वृद्धि का फैसला वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन करने वाले व्यापारियों का कहना है कि पहले 700 रुपये मासिक किराया लिया जाता था, जिसे अचानक 14 हजार रुपये कर दिया गया। उनका तर्क है कि इतनी अधिक बढ़ोतरी छोटे दुकानदारों के लिए आर्थिक संकट खड़ा कर देगी। प्रदर्शन उग्र होने पर सांसद और मेयर को निगम पहुंचना पड़ा। उन्होंने व्यापारियों से बातचीत कर समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया।