मिर्ज़ापुर की धरती से चलकर आए आर एल डी के प्रदेश अध्यक्ष रवीन्द्र सिंह पटेल का मीरगंज पहुंचने पर युवा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय युवा कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया, जिसमें संगठन की मजबूती और आगामी पंचायत चुनावों को लेकर रणनीति पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय लोक दल के जिला अध्यक्ष सुमित चौधरी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता हमेशा से किसानों और ग्रामीणों की आवाज को मजबूती से उठाते आए हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी लोग चौधरी चरण सिंह की विचारधारा पर चलने वाले हैं और उसी मार्गदर्शन में संगठन को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने आगे बताया कि आगामी पंचायत चुनाव में पार्टी जिला पंचायत सदस्य पद हेतु प्रत्येक वार्ड से अपने प्रत्याशी उतारेगी। साथ ही राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ता हर बूथ पर सक्रिय रहकर अपने प्रत्याशियों को मजबूत समर्थन देंगे, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिल सके।
कार्यक्रम में युवा राष्ट्रीय लोक दल की पूरी टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही और सभी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष पवन कुर्मी, ऋषिराज सिंह लोधी, तनु गोस्वामी, विनोद पटेल, जितेंद्र राजपूत और दीपांशु चौधरी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को और मजबूत बनाने तथा आने वाले चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करने का भरोसा जताया।