राजेंद्र प्रसाद डिग्री कॉलेज, मीरगंज (बरेली) में भारत सरकार द्वारा संचालित यातायात सड़क सुरक्षा माह फरवरी के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एस. के. सिंह के निर्देशन में सड़क सुरक्षा क्लब द्वारा विद्यार्थियों के लिए लघु नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी डॉ. मोहम्मद आतिफ खान (सड़क सुरक्षा) द्वारा किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा विषय पर आधारित लघु नाटिका के माध्यम से यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। नाटिका में दिखाया गया कि छोटी-छोटी लापरवाहियां किस प्रकार बड़े सड़क हादसों का कारण बन सकती हैं और नियमों का पालन करके दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
लघु नाटिका के माध्यम से विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाना, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन न चलाना तथा ट्रैफिक संकेतों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही आपात स्थिति में सड़क दुर्घटना के घायलों की सहायता करने और मानवता का परिचय देने के लिए भी प्रेरित किया गया।
इस कार्यक्रम में प्रोफेसर विजय बहादुर बिष्ट, डॉ. मनोज कुमार शर्मा, डॉ. फैज, डॉ. शिव प्रताप सिंह, बी. के. पद्मान और वीरेंद्र शर्मा सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों की गरिमामय उपस्थिति रही। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात के महत्व के बारे में जानकारी दी और नियमों का पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना रहा। इस पहल से विद्यार्थियों में सकारात्मक संदेश गया और उन्होंने भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प भी लिया।