Thursday, April 2, 2026

Badaun News : स्काउट शिविर से नेतृत्व का विकास

लेखक: Vikas Srivastav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 27, 2026

Badaun News : स्काउट शिविर से नेतृत्व का विकास

जागरण टुडे,बदायूं

बिसौली  - संविलयन विद्यालय हर्रायपुर में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के तत्वावधान में आयोजित त्रिदिवसीय स्काउट–गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में राष्ट्रसेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता की भावना का विकास करना है।

मुख्य अतिथि भाजपा क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य हरीओम पाराशरी ने कहा कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। यह बच्चों और युवाओं को विपरीत परिस्थितियों में धैर्य, साहस और सेवा भाव के साथ कार्य करना सिखाती है। उन्होंने कहा कि सच्चा स्काउट वही है, जो हर परिस्थिति में मानवता की सेवा को सर्वोपरि रखे और राष्ट्रहित के लिए सदैव तत्पर रहे।

उद्योगपति अखिलेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि यदि युवा स्काउटिंग की भावना को आत्मसात कर लें, तो कोई भी चुनौती देश की प्रगति को रोक नहीं सकती। समाजसेवी देवेश शंखधार ने बच्चों को अपने चिंतन, चरित्र और व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया। पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि स्काउट संकट की घड़ी में सबसे पहले सहायता के लिए आगे आते हैं और यही उनकी पहचान है।

शिविर के दौरान स्काउट–गाइड को प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़, भूकंप, आगजनी एवं दुर्घटनाओं में राहत और बचाव कार्यों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही सीमित संसाधनों में सुव्यवस्थित जीवन जीने की कला, अनुशासन, नेतृत्व विकास, राष्ट्रध्वज फहराने के नियम, स्काउटिंग का इतिहास, प्रार्थना, झंडा गीत, प्रतिज्ञा, सैल्यूट, बायां हाथ मिलाना तथा ड्रिल का अभ्यास कराया गया।

कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक कुंवरसेन ने किया और विद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत की। इस अवसर पर प्रधान धर्मपाल, श्रवण यादव, शिक्षक उमेश चंद्र, चित्रा अरोरा, हिमानी वार्ष्णेय, हेमलता और अंजुम बुसरा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.