Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News : शीशगढ़ में तेज रफ्तार पिकअप पलटने से 16 वर्षीय छात्रा की मौत, कोचिंग जाते समय हुआ हादसा

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 28, 2026

Bareilly News : शीशगढ़ में तेज रफ्तार पिकअप पलटने से 16 वर्षीय छात्रा की मौत, कोचिंग जाते समय हुआ हादसा

ओमकार गंगवार ,मीरगंज(बरेली)

जनपद बरेली के थाना शीशगढ़ क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लालू नगला निवासी मुस्कान (16) पुत्री स्वर्गीय बाबू शनिवार सुबह करीब 8:15 बजे साइकिल से कोचिंग पढ़ने के लिए झुनालाल स्कूल बंजरिया जा रही थी। रास्ते में ग्राम बंजरिया के पास मुख्य मार्ग पर पीछे से आ रही एक पिकअप गाड़ी (नंबर UP 26AT 3025) का चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे साइकिल से जा रही मुस्कान के ऊपर पलट गया।

हादसा इतना गंभीर था कि पिकअप की चपेट में आने से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक शीशगढ़ हरेन्द्र सिंह  पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। दुर्घटना के बाद परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, छात्रा के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है। पुलिस ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और मामले में सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.