Tuesday, March 31, 2026

कासगंज में दर्दनाक हादसा: चलती स्कूल बस से गिरी मासूम, पिछले पहिए के नीचे कुचलकर मौत

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 28, 2026

कासगंज में दर्दनाक हादसा: चलती स्कूल बस से गिरी मासूम, पिछले पहिए के नीचे कुचलकर मौत

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

जनपद कासगंज के ढोलना थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हो गया। विद्यालय से घर लौट रही कक्षा पहली की सात वर्षीय छात्रा चलती स्कूल बस से नीचे गिर गई और बस के पिछले पहिए के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद अलीगढ़ के गंगीरी थाना क्षेत्र की निवासी रवि की पुत्री अनन्या (7) ढोलना क्षेत्र के गांव भूढ़िया स्थित माउंट देव इंटरनेशनल विद्यालय में कक्षा पहली की छात्रा थी। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे वह विद्यालय की बस से घर लौट रही थी। बताया जा रहा है कि बस के पिछले हिस्से की ऊपरी शीट टूटी हुई थी। नगला साधु के समीप अचानक संतुलन बिगड़ने से अनन्या बस से नीचे गिर गई और पिछले पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद चालक बच्ची के शव को बस में रखकर गंगीरी थाने पहुंचा। वहां से सूचना ढोलना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि बाद में चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

मृतका के चाचा पुष्पेंद्र ने बताया कि अनन्या का एक नौ वर्षीय भाई गोलू है। पिता गांव मलसई में सीएससी केंद्र संचालित करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

ढोलना थाना प्रभारी गोविंद भल्लभ शर्मा ने बताया कि विद्यालय की बस को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और विद्यालय प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.