Wednesday, June 17, 2026

KASGANJ NEWS पेट्रोल पंप गार्ड की संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप, हाईवे जाम, पुलिस बोली पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी एफआईआर

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 17, 2026

KASGANJ NEWS पेट्रोल पंप गार्ड की संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप, हाईवे जाम, पुलिस बोली पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी एफआईआर

कार्रवाई की मांग को लेकर मथुरा-बरेली हाईवे पर प्रदर्शन, पुलिस ने जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का दिया आश्वासन


जागरण टूडे, कासगंज। 


जिले के थाना सोरों क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने मथुरा-बरेली हाईवे पर जाम लगाकर पेट्रोल पंप मालिक और कर्मचारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।


जानकारी के अनुसार थाना ढोलना क्षेत्र के गांव जखेरा निवासी 57 वर्षीय केशव यादव पुत्र शालिग्राम नागरिया स्थित एक एचपी पेट्रोल पंप पर गार्ड के पद पर कार्यरत थे। मृतक के परिजनों का आरोप है कि 13 जून को हिसाब-किताब को लेकर पेट्रोल पंप मालिक, मैनेजर और एक सेल्समैन ने केशव यादव के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि इसके बाद उन्हें जबरन अपने साथ पटियाली ले जाया गया, जहां रातभर रखा गया। अगले दिन उन्हें वापस नागरिया लाया गया, लेकिन घर नहीं जाने दिया गया।



परिजनों के अनुसार रविवार को अचानक केशव यादव की मौत की सूचना मिली। जब परिजन मौके पर पहुंच रहे थे, तब उन्हें जानकारी मिली कि पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही है। इससे नाराज परिजनों ने मथुरा-बरेली हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केशव यादव की हत्या की गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।



घटना की सूचना पर सदर क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान मौके पर पहुंचीं और परिजनों से वार्ता की। इस दौरान पुलिस और मृतक के परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं क्षेत्र में कुछ लोग इस घटना को सड़क दुर्घटना से जोड़कर भी देख रहे हैं। हालांकि अभी तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इंस्पेक्टर लोकेश भाटी ने बताया कि पेट्रोल पंप पर तैनात गार्ड केशव यादव की मृत्यु हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.