बरेली जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बाइक सवार दंपति को टक्कर मारने के बाद कुछ लोगों ने उनकी मोटरसाइकिल को नाले में फेंक दिया। इस हादसे में दंपति और उनकी 18 माह की मासूम बच्ची घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
जानकारी के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र के नंदगांव निवासी अनिल कुमार पुत्र बालकराम अपनी पत्नी राजकुमारी और 18 माह की बेटी सरिका के साथ बाइक से स्टेशन की ओर से सिरौली चौराहे की तरफ जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वे त्यौहार के लिए घरेलू सामान खरीदने के उद्देश्य से बाजार जा रहे थे।
इसी दौरान ब्लॉक परिसर के पास और अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने, कस्बे की ओर से आ रहे एक अन्य बाइक सवार ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दंपति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मासूम बच्ची को भी चोटें आईं। घटना को देखकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए और मदद करने लगे।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि टक्कर मारने के बाद आरोपी बाइक सवार ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में एक स्कॉर्पियो (नंबर UP25EM1294) से कई लोग मौके पर पहुंचे और दंपति की मोटरसाइकिल को सड़क पार ले जाकर शराब भट्टी के सामने नाले में फेंक दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और रोष का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मीरगंज कस्बा के प्रभारी उप निरीक्षक पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज भिजवाया। पीड़ित ने बाइक और स्कॉर्पियो सवारों के खिलाफ मीरगंज कोतवाली में तहरीर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।