ब्रजभूमि में होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता का प्रतीक भी है।श्री वामन भगवान महोत्सव समिति द्वारा डैंपियर नगर स्थित भगत सिंह पार्क में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में ब्रज की पारंपरिक होली, गुलाल और आपसी स्नेह के रंगों ने पूरे वातावरण को उल्लास और उत्साह से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े जनप्रतिनिधि एक मंच पर दिखाई दिए और सभी ने आपसी सौहार्द व सामाजिक एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, विधायक श्रीकांत शर्मा, विधायक पूरन प्रकाश, विधायक राजेश चौधरी, महापौर विनोद अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर ‘राजू’ यादव तथा भाजपा नेता भुवन भूषण कमल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर, सपा महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल, वरिष्ठ नेता तनवीर अहमद, डॉ. अशोक अग्रवाल, कुंवर नरेंद्र सिंह, महेंद्र चौधरी और योगेश द्विवेदी सहित विभिन्न दलों और समाज के गणमान्य लोगों ने भी समारोह में भाग लेकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
समिति के संस्थापक पंडित श्याम शर्मा ने कहा कि ब्रज की होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में पिरोने वाली परंपरा है। उन्होंने बताया कि होरी मिलन समारोह का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों और विभिन्न विचारधाराओं के लोगों को एक मंच पर लाकर भाईचारे और सौहार्द का संदेश देना है। उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ब्रज की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।
अवसर पर समिति के कार्यकारी अध्यक्ष संजय हरियाणा ने कहा कि ब्रज की होली पूरे विश्व में अपनी अनूठी परंपरा और प्रेमपूर्ण वातावरण के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी प्रेम, एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में श्याम शर्मा,संजय हरियाणा, विनोद दीक्षित, विजय शर्मा, अर्जुन पंडित, आशीष शर्मा, कुलदीप शास्त्री, हरिशंकर, राहुल शर्मा, संजय गोविल, चिंताहरण चतुर्वेदी, श्याम चतुर्वेदी, पंकज चतुर्वेदी, गोपाल चतुर्वेदी, नारायण शर्मा, बृषभान गोस्वामी, मदन मोहन श्रीवास्तव,लोकेश तायल, नितिन चतुर्वेदी, ललित अग्रवाल, संजय पंडित, पाराशर, सुधीर शर्मा, राधा सिंह, मोहन भारद्वाज, बादल शर्मा संदीप माथुर पार्षद संतोष पाठक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।