आपदा की स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्य को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नागरिक सुरक्षा संगठन द्वारा आयोजित वार्डन स्वयंसेवक क्षमता निर्माण कार्यशाला का समापन बाबू शिवनाथ अग्रवाल डिग्री कॉलेज में हुआ। सात दिवसीय इस कार्यशाला में नागरिक सुरक्षा संगठन के पदाधिकारियों, वार्डनों, आम नागरिकों तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं को आपदा प्रबंधन से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला दो चरणों में आयोजित की गई, जिसमें 360 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी एवं नागरिक सुरक्षा नियंत्रक चंद्र प्रकाश सिंह के निर्देशन में किया गया। प्रभारी अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्य के मार्गदर्शन तथा सहायक उप नियंत्रक नीरज श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रशिक्षण सत्र संचालित हुए।
प्रशिक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नागरिक सुरक्षा संगठन और मथुरा रिफाइनरी के आपदा विशेषज्ञ अधिकारियों ने प्रतिभागियों को विभिन्न आपदाओं से निपटने की तकनीकों से अवगत कराया। इसमें प्राथमिक उपचार, बाढ़, भूकंप, आग लगने, बम विस्फोट और अन्य आकस्मिक घटनाओं के दौरान स्वयं की सुरक्षा तथा आम लोगों को सुरक्षित निकालने के तरीके सिखाए गए।
नागरिक सुरक्षा संगठन के सीनियर स्टाफ ऑफिसर दीपक चतुर्वेदी (बैंकर) ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य समाज में ऐसे स्वयंसेवकों की टीम तैयार करना है जो किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रतिभागियों को जिलाधिकारी के हस्ताक्षर युक्त प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में नागरिक सुरक्षा संगठन के मुख्य वार्डन राजीव अग्रवाल ‘बृजवासी’, डिप्टी चीफ वार्डन कल्यान दास अग्रवाल, डिवीजनल वार्डन भारत भूषण तिवारी, डिप्टी डिवीजनल वार्डन राजेश कुमार मित्तल, बीएसए कॉलेज के प्रधानाचार्य ललित मोहन शर्मा, घटना नियंत्रण अधिकारी मुकेश तिवारी, अरविंद चौधरी, पोस्ट वार्डन डॉ. महेश शर्मा, आपदा मित्र इंजीनियर अशोक यादव, आलोक वत्सल व्यास, जगदीश सिंह, जबर सिंह, राकेश चौधरी और रिंकी यादव सहित कई पदाधिकारियों का विशेष योगदान रहा।
आयोजकों ने विश्वास जताया कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आपदा के समय त्वरित और प्रभावी राहत कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।