राजेंद्र प्रसाद डिग्री कॉलेज, मीरगंज (बरेली)में भारत सरकार द्वारा संचालित “बाल विवाह मुक्त भारत” 100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत साप्ताहिक कार्यक्रम (01 मार्च से 07 मार्च 2026) के तहत बाल विवाह उन्मूलन के लिए जन-जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने “घर-घर संपर्क अभियान शपथ” में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने आसपास के क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया और समाज में इसके उन्मूलन के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य और मौलिक अधिकारों की रक्षा के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा युवाओं को जिम्मेदार नागरिक के रूप में सामाजिक परिवर्तन का सशक्त वाहक बनाना रहा।
इस कार्यक्रम का सफल समन्वय डॉ. सचिन कुमार गिरि द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रो. विजय बहादुर सिंह बिष्ट, डॉ. मोहम्मद फाइज, डॉ. आनंद कुमार और वीरेन्द्र शर्मा सहित अन्य प्राध्यापकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, नैतिक चेतना और मानवीय संवेदनशीलता को बढ़ावा मिला तथा बाल विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ समाज को जागरूक करने का संदेश दिया गया।