बदायूं जिले की वजीरगंज थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं डॉ. बृजेश कुमार सिंह के आदेशानुसार जनपद में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी बिसौली के पर्यवेक्षण में थाना वजीरगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दहेज हत्या के मामले में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इसे भी पढ़ें - विसौली में बिजली कार्य के दौरान करंट से लाइनमैन की मौत
पुलिस के अनुसार थाना वजीरगंज में दर्ज मुकदमा कर दहेज निषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी चमन शर्मा पुत्र रामपाल शर्मा और रामपाल शर्मा पुत्र प्रेमराज निवासी ग्राम हतरा थाना वजीरगंज जिला बदायूं को पुलिस काफी समय से तलाश रही थी।
शनिवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना वजीरगंज पुलिस ने हतरा रोड पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और दोनों को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है। वहीं पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपराध और अपराधियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।