बदायूं जिले के विसौली कस्बे में शुक्रवार को उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब सड़क पर बिजली लाइन से जुड़े कार्य के दौरान एक लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारी की पहचान वजीरगंज थाना क्षेत्र के धिमरपुरा गांव निवासी प्रेमपाल (50 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
इसे भी पढ़ें-कथरा खगेई में बिजली बिल राहत शिविर, 60 ग्रामीणों ने किया भुगतान
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रेमपाल बदायूं रोड पर बिजली लाइन से संबंधित मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट आ गया, जिसकी चपेट में आकर वे गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना विद्युत विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर विभागीय अधिकारी और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) मोहम्मद मियांकुरैशी ने बताया कि उन्हें हादसे की जानकारी मिली है। उनके अनुसार मौके पर दो संविदाकर्मी लाइनमैन रजनेश और रत्नेश भी मौजूद थे। जेई ने यह भी कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि करंट की चपेट में आया तीसरा व्यक्ति कौन था, जिसकी मौत हुई है।
इसे भी पढ़ें - दातागंज में विकास को रफ्तार: मझारा में नया बिजली उपकेंद्र शुरू
जेई कुरैशी ने आगे बताया कि सब स्टेशन ऑपरेटर (एसएसओ) से मिली जानकारी के अनुसार सुबह 11 बजकर 23 मिनट पर बुधबाजार फीडर का शटडाउन लिया गया था। हालांकि हादसा बदायूं रोड क्षेत्र में हुआ, जिससे यह सवाल खड़े हो रहे हैं कि शटडाउन के बावजूद लाइन में करंट कैसे आ गया। विभागीय स्तर पर तकनीकी खामियों और लापरवाही की जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें- लटकती हाई टेंशन लाइन बनी जानलेवा :कादर चौक में करंट की चपेट में आकर ई -रिक्शा चालक की मौत
वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।