Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News: बेगुल नदी में नहाते समय चार बच्चे डूबे, तीन बचाए गए; एक लापता

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 8, 2026

Bareilly News: बेगुल नदी में नहाते समय चार बच्चे डूबे, तीन बचाए गए; एक लापता

जागरण टुडे, मीरगंज (बरेली)

बरेली जनपद के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बेगुल नदी में नहाने गए चार बच्चे अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों की सतर्कता से तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक बालक तेज धारा में बह गया। उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। प्रशासन और बचाव दल द्वारा नदी में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है।


जानकारी के अनुसार ग्राम रहपुरा जागीर, थाना फतेहगंज पश्चिमी निवासी चार बच्चे प्रवीन (12 वर्ष) पुत्र नन्हे, बॉबी (12) पुत्र सुरेश, दीपक (12) पुत्र सुरेश और विपिन (10) पुत्र सुरेश रविवार को अपने गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर ग्राम पनवड़िया के पास स्थित बेगुल नदी में नहाने गए थे। नहाते समय चारों बच्चे अचानक नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए और डूबने लगे।

घटना को देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत साहस दिखाते हुए नदी में छलांग लगाई और बच्चों को बचाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की मदद से दीपक और विपिन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि बॉबी भी किसी तरह खुद बाहर आ गया। लेकिन प्रवीन पुत्र नन्हे तेज धारा में बह गया और लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। उप जिलाधिकारी आलोक कुमार और थाना फतेहगंज पश्चिमी के थानाध्यक्ष प्रयागराज सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल बचाव अभियान शुरू कराया। आसपास के क्षेत्रों से गोताखोरों को बुलाकर नदी में लापता बालक की तलाश कराई जा रही है।

कुछ देर बाद एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आधुनिक उपकरणों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। गोताखोर और बचावकर्मी नदी के विभिन्न हिस्सों में लगातार तलाश कर रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द लापता बालक का पता लगाया जा सके।

घटना की सूचना मिलते ही प्रवीन के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस हादसे से शोक और चिंता का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जमा होकर बचाव कार्य को देख रहे हैं और बच्चे के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक लापता बालक प्रवीन का कोई सुराग नहीं मिल सका था। प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम द्वारा नदी में तलाश अभियान लगातार जारी है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.