बरेली जनपद के मीरगंज तहसील क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। बहगुल नदी में नहाने के दौरान डूबे 12 वर्षीय किशोर का शव सोमवार सुबह घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार को मीरगंज तहसील क्षेत्र के थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पनवड़िया के पास बहगुल नदी में तीन बच्चे नहाने के लिए गए थे। नहाते समय अचानक तीनों बच्चे नदी के गहरे हिस्से में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगाकर बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने दीपक और विपिन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन प्रवीन पुत्र नन्हे निवासी रहपुरा जागीर नदी के तेज बहाव में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रशासनिक स्तर पर भी तुरंत कार्रवाई शुरू की गई। एसडीएम आलोक कुमार सिंह और तहसीलदार आशीष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन के निर्देश पर एसडीआरएफ टीम तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च अभियान चलाया गया।
रविवार देर शाम तक चले सर्च अभियान के बावजूद प्रवीन का कोई सुराग नहीं मिल सका। रात होने के कारण अभियान रोकना पड़ा, लेकिन सोमवार सुबह फिर से तलाश शुरू की गई। इसी दौरान सुबह प्रवीन का शव घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर नदी में उतरता हुआ दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव फूलकर ऊपर आ गया और नदी के बहाव के साथ आगे बहता चला गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दुखद घटना से मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोगों ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बच्चे अक्सर नदी में नहाने के लिए चले जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे होने का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता बढ़ाने की मांग भी की है।