Tuesday, March 31, 2026

Bareilly news : एनएसएस के चौथे दिन ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ पर जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं ने ग्रामीणों को किया प्रेरित

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 10, 2026

Bareilly news : एनएसएस के चौथे दिन ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ पर जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं ने ग्रामीणों को किया प्रेरित

जागरण टुडे, मीरगंज (बरेली)

बरेली जनपद के मीरगंज तहसील क्षेत्र के शाही में संचालित मुक्ता प्रसाद डिग्री कॉलेज  में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विशेष शिविर के चौथे दिन सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वयंसेवक छात्र-छात्राओं ने “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत गांव में जाकर लोगों को जागरूक किया और बेटियों की शिक्षा व उनके अधिकारों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवकों ने गांव के विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर अभिभावकों से संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि बेटियां समाज की शक्ति हैं और उनकी शिक्षा व सुरक्षा परिवार तथा समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। छात्र-छात्राओं ने लोगों से अपील की कि वे बेटियों को समान अवसर दें, उन्हें पढ़ने-लिखने के लिए प्रोत्साहित करें और समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने में सहयोग करें।

इस दौरान स्वयंसेवकों ने बेटी शिक्षा से जुड़े संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रेरित किया और बालिकाओं को विद्यालय भेजने के लिए भी प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और शिक्षा के माध्यम से उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेश पांडेय ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल सेवा का माध्यम ही नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त मंच भी है। उन्होंने कहा कि युवाओं की जागरूकता और भागीदारी से ही सामाजिक कुरीतियों को समाप्त किया जा सकता है और एक बेहतर समाज का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. शबाब मियां, विपिन पांडेय, मुनेंद्र , बनवारी लाल जी और किरण वाला जी सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं स्वयंसेवक छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.