शासन द्वारा संचालित जनसुनवाई समाधान प्रणाली (आईजीआरएस) के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण में बरेली परिक्षेत्र ने माह फरवरी 2026 की रैंकिंग में पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी के निर्देशन में परिक्षेत्र के चारों जनपद—बरेली, बदायूँ, शाहजहाँपुर और पीलीभीत—ने संयुक्त रूप से यह उपलब्धि हासिल की।
आईजीआरएस प्रणाली के अंतर्गत जन शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के चलते परिक्षेत्र के कुल 85 थानों को भी संयुक्त रूप से प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इनमें जनपद बरेली के 28 थाने, बदायूँ के 19 थाने, पीलीभीत के 17 थाने तथा शाहजहाँपुर के 21 थाने शामिल हैं।
इस उपलब्धि पर परिक्षेत्र कार्यालय में कार्यरत आईजीआरएस कर्मी उपनिरीक्षक शालू, कम्प्यूटर ऑपरेटर अमरेन्द्र कुमार और आरक्षी सलिल सक्सेना को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
वहीं जिन जनपदों और थानों का आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों के निस्तारण में प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है, उनके कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी।
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने इस उपलब्धि के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी जन शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।