गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वाधान में 12 अप्रैल को जनपद बरेली के मीरगंज में निकलने वाली ज्योति कलश यात्रा के भव्य स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार को तहसील मीरगंज स्थित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला ग्राउंड के निकट संत मंगलपुरी मढ़ी (मढ़ी सत्याना) की भूमि पर गायत्री परिवार के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विधि-विधान से भूमि पूजन किया और गायत्री यज्ञ का आयोजन कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की।
इस अवसर पर ज्योति कलश यात्रा के जिला प्रभारी महेंद्र पाल गंगवार और लीलाधर शर्मा ने यज्ञ के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने का एक पावन अवसर है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरे मनोभाव और उत्साह के साथ यात्रा के स्वागत की तैयारियों में जुट जाएं।
गायत्री परिवार के जिला समन्वयक दिनेश पांडे ने बताया कि ज्योति कलश यात्रा बरेली जिले में प्रवेश कर रही है, जिसका पूरे जिले में श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह वर्ष विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार की संस्थापिका भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी, अखंड दीपक के शताब्दी वर्ष तथा युगऋषि तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की साधना के 100 वर्ष पूर्ण होने का यह स्वर्णिम काल है। ऐसे पावन समय में सभी को आत्मपरिष्कार और आध्यात्मिक साधना की ओर अग्रसर होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान गरिमा गंगवार ने सभी बहनों से ज्योति कलश यात्रा के स्वागत के क्रम में अंडरपास से मंगल कलश यात्रा निकालने की तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार के सभी कार्यकर्ता और श्रद्धालु इस आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दें।
भूमि पूजन और यज्ञ कार्यक्रम में विद्या, विनोद दीक्षित, गरिमा गंगवार, डॉ. नंदकिशोर वर्मा, शिवेंद्र भदौरिया, डॉ. दीपमाला शर्मा, प्रेमपाल गंगवार, बालेदीन पाल, सौरभ पाठक, मुदित प्रताप सिंह, सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिजनों, समाजसेवियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।