जनपद बदायूं में किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान के प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं और किसानों ने उनका भव्य स्वागत किया। यह कार्यक्रम किसान एकता संघ के जिला कार्यालय, थाना मूसाझाग पर आयोजित किया गया, जहां किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज किसान कई तरह की समस्याओं से जूझ रहा है। फसलों का उचित मूल्य न मिलना, सिंचाई की दिक्कतें, बढ़ती लागत और प्रशासनिक स्तर पर समाधान में देरी जैसी समस्याएं किसानों के सामने गंभीर चुनौती बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो किसान एकता संघ बदायूं में बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
इस अवसर पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पंडित प्रमोद शर्मा ने भी किसानों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए कहा कि किसान देश की रीढ़ है और उसकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों और किसानों से एकजुट होकर किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और किसानों की आवाज को प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष (युवा) राजेश शर्मा, जिला अध्यक्ष प्रमोद शाक्य, जिला उपाध्यक्ष टीटू यादव, डॉ. सोमेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, धीरेन्द्र शाक्य, धर्मेंद्र शाक्य, हंसराज, जयवीर सिंह, श्रीराम, अनिल कश्यप सहित कई कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।
बैठक के अंत में किसानों ने अपनी समस्याएं संगठन के पदाधिकारियों के सामने रखीं और उनके जल्द समाधान की मांग की।