Tuesday, March 31, 2026

Mathura News: जनप्रतिनिधियों के पत्रों का समयबद्ध निस्तारण करें अधिकारी

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 13, 2026

Mathura News:  जनप्रतिनिधियों के पत्रों का समयबद्ध निस्तारण करें अधिकारी

जागरण टुडे, मथुरा

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की नियम पुनरीक्षण समिति की बैठक शुक्रवार को मथुरा में कार्यकारी सभापति हरि ओम पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों से प्राप्त पत्रों के निस्तारण, विकास निधि से होने वाले कार्यों की प्रगति तथा विभिन्न विभागों की कार्यवाही की समीक्षा की गई। बैठक में समिति के सदस्य ऋषि पाल सिंह, बल्देव विधायक पूरन प्रकाश, मांट विधायक राजेश चौधरी और एमएलसी योगेश नौहवार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


बैठक में पिछले तीन वर्षों के दौरान विधान परिषद एवं विधानसभा सदस्यों से प्राप्त पत्रों पर विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी दी गई। इस पर कार्यकारी सभापति ने निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के पत्रों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा की गई कार्रवाई से उन्हें समय पर अवगत कराया जाए।

साथ ही विधायक एवं विधान परिषद सदस्यों की विकास निधि से संचालित कार्यों की प्रगति और उन्हें पूरा करने की समय-सीमा पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य शासनादेशों के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। बैठक में “एक जनपद एक उत्पाद” योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि मथुरा में सैनिटरी फिटिंग व सेनेटरी वेयर, ठाकुर जी की पोशाक, श्रृंगार मूर्ति और कंठी माला को इस योजना के अंतर्गत शामिल किया गया है।

इसके अलावा पिछले तीन वर्षों में विधान परिषद की समितियों की बैठकों, उनके निर्देशों के अनुपालन, अल्पसूचित, तारांकित व अतारांकित प्रश्नों के जवाब, याचिकाओं पर की गई कार्रवाई और विशेषाधिकार हनन के मामलों की स्थिति पर भी विस्तृत जानकारी ली गई।

कार्यकारी सभापति ने यह भी पूछा कि जनप्रतिनिधियों के संस्तुति और शिकायत पत्रों पर अब तक क्या कार्रवाई की गई है। साथ ही प्रोटोकॉल उल्लंघन, विभागीय बैठकों में जनप्रतिनिधियों को न बुलाने तथा शिलान्यास और उद्घाटन समारोहों में जनप्रतिनिधियों के नाम शिलापट्टों पर अंकित करने संबंधी निर्देशों के पालन की समीक्षा की। 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन के सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए और जनप्रतिनिधियों को सभी कार्यक्रमों व बैठकों की समय पर सूचना दी जाए। नगर आयुक्त जग प्रवेश, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन, मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्य, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.