जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद कासगंज की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा का देर रात तबादला कर दिया गया है। शासन के आदेश के अनुसार उन्हें अब बदायूं जिले का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नियुक्त किया गया है। वहीं उनकी जगह ओम प्रकाश सिंह को कासगंज का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
नए एसपी ओम प्रकाश सिंह इससे पहले लखनऊ में लॉजिस्टिक्स शाखा में तैनात थे। शासन के आदेश के बाद अब उन्हें कासगंज जिले की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बताया जाता है कि एसपी अंकिता शर्मा ने 26 दिसंबर 2024 को कासगंज जिले में पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाला था। वह वर्ष 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। कासगंज आने से पहले वह कानपुर नगर में डीसीपी दक्षिण के पद पर तैनात थीं और वहीं से उनका तबादला कासगंज के एसपी पद पर हुआ था।
अपने कार्यकाल के दौरान अंकिता शर्मा ने जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ कई संवेदनशील मामलों में सख्त कार्रवाई की। विशेष रूप से किसान यूनियन स्वराज संगठन से जुड़े मामले में की गई कार्रवाई के बाद उनकी छवि एक सख्त और तेज-तर्रार अधिकारी के रूप में उभरी और लोग उन्हें “लेडी सिंघम” के नाम से भी संबोधित करने लगे।
अब उनके बदायूं जिले में एसएसपी बनने के साथ ही कासगंज में नए एसपी के रूप में ओम प्रकाश सिंह जल्द ही कार्यभार संभालेंगे। जिले में पुलिस महकमे में इस तबादले को लेकर चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।