राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का गुरुवार को कान्हा की नगरी मथुरा पहुंचीं। वह निर्धारित कार्यक्रम के तहत कैंट क्षेत्र स्थित हेलीपैड पर पहुंचीं, जहां प्रशासनिक और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।
कैंट हेलीपैड पर राष्ट्रपति के स्वागत के लिए पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। उनके आगमन पर आनंदीबेन पटेल, गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह और मथुरा-वृंदावन नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इसके अलावा सेना और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की भी मौजूदगी रही। लेफ्टिनेंट जनरल वी. हरिहरन, अपर पुलिस महानिदेशक आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त आगरा नगेन्द्र प्रताप, ग्रुप कैप्टन शिवम मनचंदा, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने भी राष्ट्रपति का स्वागत किया।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद चाक-चौबंद रही। हेलीपैड और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को तैनात किया गया था। हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रखी जा रही थी, ताकि कार्यक्रम सकुशल संपन्न हो सके।
राष्ट्रपति के इस दौरे को लेकर प्रशासनिक महकमे में उत्साह देखने को मिला। उनके स्वागत के लिए सभी तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली गई थीं। स्थानीय लोगों में भी राष्ट्रपति के आगमन को लेकर खासा उत्साह रहा।