बरेली जनपद के शीशगढ़ थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते पत्नी पर तमंचे से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा भी बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दंपति के बीच घरेलू खर्च को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति राशिद पुत्र इनायतुल्ला ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली महिला के बाएं हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही महिला का भाई मौके पर पहुंचा और घायल अवस्था में उसे थाने ले गया, जहां पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने पीड़िता के भाई की तहरीर के आधार पर आरोपी राशिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान रविवार को मुखबिर की सूचना पर शीशगढ़ पुलिस ने गांव कल्याणपुर के पास एक पुलिया से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से .32 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह ट्रक चालक है और घरेलू खर्च के बाद बचे पैसों को लेकर पत्नी से विवाद हो गया था। इसी विवाद के चलते उसने गुस्से में आकर यह कदम उठा लिया।
थाना शीशगढ़ के प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।