Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS पुरानी रंजिश में घर में घुसकर मारपीट, चार लोग घायल, जिला अस्पताल में भर्ती

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 22, 2026

KASGANJ NEWS    पुरानी रंजिश में घर में घुसकर मारपीट, चार लोग घायल, जिला अस्पताल में भर्ती

जागरण टुडे, कासगंज 
 अमापुर थाना क्षेत्र के गांव कछेला में शनिवार शाम पुरानी रंजिश के चलते दबंगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव कछेला निवासी पवन पुत्र राकेश शनिवार शाम करीब छह बजे अपने खेत में सिंचाई कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही योगेंद्र, टिक्कू, जगत प्रकाश, देसराज, दयाशंकर और भरत सिंह समेत कुछ महिलाएं वहां पहुंच गईं। सभी ने पुरानी रंजिश के चलते पवन की पानी की पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
जब पवन ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने पहले खेत पर ही उससे अभद्रता की और बाद में उसके घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे, लेकिन तब तक हमलावर मारपीट कर फरार हो चुके थे।
इस घटना में पवन, उसकी पत्नी प्रीति, पिता राकेश की पत्नी मोहरश्री तथा सैदपुर (जिला एटा) से मायके आई मीना पत्नी अवनीश घायल हो गईं। सभी को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद घायलों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमापुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल कासगंज रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.