जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह ने जनपद कासगंज के दरियावगंज झील का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके साथ जिलाधिकारी प्रणय सिंह भी मौजूद रहे।.
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने झील पर आने वाले प्रवासी एवं स्थानीय पक्षियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रवासी पक्षियों की घटती संख्या पर चिंता जताते हुए झील की नियमित सफाई, जल प्रबंधन को दुरुस्त करने तथा झील में उगी घास को हटाने के निर्देश दिए, ताकि पक्षियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा सके।
मंडलायुक्त संगीता सिंह ने झील के विकास से जुड़े प्रोजेक्ट को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि झील का संरक्षण और संवर्धन प्राथमिकता में रखा जाए, जिससे पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिल सके।
इस दौरान “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान के तहत मंडलायुक्त ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
निरीक्षण के समय प्रभागीय वनाधिकारी, उप जिलाधिकारी पटियाली प्रदीप विमल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।