बरेली जनपद के मीरगंज बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हो गया । पूरे चुनाव प्रक्रिया पर चुनाव अधिकारी देवेश शर्मा और सहायक चुनाव अधिकारी की कड़ी निगरानी रही। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 4 बजे तक चला, जिसमें अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई और देर शाम परिणाम घोषित किए गए।
अध्यक्ष पद के लिए इस बार बेहद रोमांचक और कांटे का मुकाबला देखने को मिला। अशोक उपाध्याय ने 43 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी हाजी हबीबुल खां, जिन्हें 38 मत मिले, को 5 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। तीसरे प्रत्याशी नवीन कुमार सिंह को एक भी मत प्राप्त नहीं हुआ, जबकि 3 मत निरस्त घोषित किए गए।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर धर्मवीर सिंह ने 44 मत हासिल कर नवीन कुमार सिंह (38 मत) को 6 मतों से पराजित किया। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में अरविंद कुमार प्रथम ने 43 मत पाकर मो. रईश (40 मत) को 3 मतों से शिकस्त दी। महासचिव पद पर भी मुकाबला कड़ा रहा, जिसमें हरीश कुमार ने 40 मत प्राप्त कर अशोक कुमार (37 मत) को 3 मतों से हराया। इस पद पर सतीश चंद्र को 4 मत मिले, जबकि 3 मत निरस्त घोषित किए गए।
कोषाध्यक्ष पद पर मोर सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 51 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उनके मुकाबले में श्वेता गुप्ता को 30 मत मिले। वहीं सह सचिव पद पर प्रेमपाल मौर्य और राजवीर सिंह तथा ऑडिटर पद पर अरविंद कुमार द्वितीय को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव अधिकारी देवेश शर्मा ने सभी विजयी प्रत्याशियों की औपचारिक घोषणा करते हुए बताया कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।