जनपद बरेली के थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी गौकशी आरोपी कामिल उर्फ नक्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एक उपनिरीक्षक भी बाल-बाल बच गए।
पुलिस के मुताबिक, टीम नियमित गश्त पर थी तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मु0अ0सं0 232/25 (धारा 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम) में वांछित आरोपी कामिल उर्फ नक्ता, निवासी मोहल्ला ग्यासपुर, थाना बीसलपुर (जनपद पीलीभीत) बंद पड़ी रबर फैक्ट्री के जंगल में गौकशी की तैयारी में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी। इसी दौरान सुबह करीब 5:35 बजे आरोपी ने पुलिस टीम को देखते ही जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उपनिरीक्षक पंकज कुमार के बाजू को छूते हुए निकल गई, जिससे वह मामूली रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी कामिल उर्फ नक्ता के दोनों पैरों में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मौके से पुलिस ने एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक खोखा कारतूस (नाल में) और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही गौकशी से संबंधित उपकरण भी मौके से बरामद हुए हैं, जिससे आरोपी की मंशा स्पष्ट होती है।
घायल आरोपी और घायल उपनिरीक्षक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहगंज पश्चिमी भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी कामिल उर्फ नक्ता पर पहले से करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गौकशी, गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।