जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव भोगपुर में बीती रात 25 वर्षीय गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष ने बीमारी के चलते मौत होने की बात कही है।
मृतका की पहचान विनेश पत्नी सुरेश के रूप में हुई है। मृतका के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि विनेश की शादी वर्ष 2020 में हिंदू रीति-रिवाज से सुरेश पुत्र राजपाल के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का कहना है कि इसी प्रताड़ना के चलते उसकी हत्या कर दी गई।
विनेश की मौत से उसके दो मासूम बच्चे—तीन वर्षीय पुत्री मोहनी और एक वर्षीय पुत्र आरव—मां के साये से वंचित हो गए हैं, जिससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
वहीं ससुर राजपाल के अनुसार विनेश करीब आठ माह की गर्भवती थी और अचानक उसके पेट में दर्द व रक्तस्त्राव शुर हो गया। हालत बिगड़ने पर उसे कासगंज ले जाया गया, जहां एक निजी क्लिनिक ने गंभीर स्थिति बताकर इलाज से मना कर दिया। इसके बाद परिजन उसे दूसरे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतका के भाई रामचरण निवासी सैलई (कोतवाली कासगंज) ने बहन की मौत की जांच व पोस्टमार्टम कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है, ताकि वास्तविक कारणों का पता चल सके।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तहसीलदार पटियाली रामनयन की मौजूदगी में उपनिरीक्षक बचान सिंह द्वारा पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।