Tuesday, March 31, 2026

Bareilly news : गौवंश को बचाने के प्रयास में हादसा: ट्रैक्टर दीवार से टकराया, युवक की मौत, दो घायल

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 30, 2026

Bareilly news : गौवंश को बचाने के प्रयास में हादसा: ट्रैक्टर दीवार से टकराया, युवक की मौत, दो घायल

जागरण टुडे, मीरगंज (बरेली)

बरेली जनपद के मीरगंज के पास हाईवे पर गौवंशीय पशुओं को बचाने के प्रयास में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे में ट्रैक्टर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सीबीगंज क्षेत्र के गांव बल्ला कोठा निवासी धर्मदास अपने दो साथियों लालता प्रसाद और सूरजपाल (निवासी ग्राम लालपुर, थाना शाही) के साथ मीरगंज तहसील के सामने स्थित एक एजेंसी से रोटावेटर खरीदने आया था। खरीदारी के बाद तीनों लोग ट्रैक्टर में रोटावेटर जोड़कर दोपहर बाद हाईवे के रास्ते अपने घर लौट रहे थे।


बताया जाता है कि हाईवे-24 पर सिंधौली चौराहे से आगे एक पैलेस के सामने अचानक गौवंशीय पशुओं का झुंड सड़क पर आ गया। पशुओं को बचाने के प्रयास में चालक ने ट्रैक्टर को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर पहले डिवाइडर पर चढ़ गया। इसके बाद वह सामने से आ रही एक कार से टकराते हुए पास स्थित एक बारातघर की दीवार में जा घुसा।

हादसे में ट्रैक्टर पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए भेजा। गंभीर रूप से घायल सूरजपाल को एंबुलेंस से बरेली अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.