Tuesday, March 31, 2026

मंडलायुक्त ने मथुरा में विकास कार्यों का किया निरीक्षण

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 30, 2026

मंडलायुक्त ने मथुरा में विकास कार्यों का  किया निरीक्षण

जागरण टुडे, मथुरा

आगरा मंडल के मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने सोमवार को ब्रज तीर्थ विकास परिषद के अंतर्गत चल रही परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ विभिन्न निर्माण स्थलों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


मंडलायुक्त निरीक्षण के दौरान सबसे पहले गौरा नगर स्थित आर्टिजन सेंटर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि यहां राधा-कृष्ण पोशाक से संबंधित करीब 78 दुकानों के साथ चार कम्युनिटी हॉल और दो प्रशिक्षण हॉल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। मंडलायुक्त ने दुकानों और हॉल का निरीक्षण करते हुए परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही अस्थायी रूप से लटके विद्युत तारों को व्यवस्थित कराने पर जोर दिया।


इसके बाद मंडलायुक्त ने परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र के साथ दारुक पार्किंग के सामने बन रहे ‘सेंटर फॉर लिविंग ट्रेडिशन’ का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि यह केंद्र ब्रज की पारंपरिक कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है। यहां राधा-कृष्ण पोशाक, कंठी माला, विभिन्न प्रकार की मालाएं और श्रृंगार सामग्री के उत्पादन व बिक्री की व्यवस्था की जाएगी।


परियोजना के तहत आउटलेट ब्लॉक, सेल सेंटर, फूड कोर्ट, किड्स प्ले एरिया और एक आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण भी किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने ऑडिटोरियम में फॉल सीलिंग, स्टेज लाइटिंग, साउंड सिस्टम और पंखों का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी और स्थानीय कारीगरों को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.