ओमकार गंगवार,मीरगंज (बरेली)
आरपीएम पब्लिक स्कूल, मीरगंज (बरेली) में वार्षिक उत्सव बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर वार्षिक परीक्षा परिणाम भी घोषित किए गए और प्रत्येक कक्षा के प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा टॉप-10 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय का “स्कूल टॉपर अवॉर्ड” रहा, जो एसकेजी के मेधावी छात्र संग्रह सक्सेना को प्रदान किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने खुशी जाहिर की।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के प्रो चांसलर एवं पार्थ गौतम फाउंडेशन के अध्यक्ष पार्थ गौतम उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मीरगंज विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा ने शिरकत की। मुख्य वक्ता के रूप में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से वंदना भारती ने विश्व शांति मिशन पर प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए।
इसके अलावा कार्यक्रम में डाइट के पूर्व प्रवक्ता इंद्रदेव त्रिवेदी, माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष महेश चंद्र शर्मा, आरसीएल इंटर कॉलेज के मैनेजर राकेश कुमार शर्मा, राजपाल पुरस्कार से सम्मानित संजय सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। विद्यालय की अध्यक्ष कमला देवी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।विद्यालय के प्रबंधक नितिन शर्मा ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं बैज लगाकर स्वागत किया, जबकि प्रधानाचार्य नेहा बी ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने स्वागत गीत, गणेश वंदना और सामाजिक संदेशों पर आधारित नृत्य-नाटिकाएं प्रस्तुत कीं। विशेष रूप से मोबाइल के अधिक उपयोग के दुष्प्रभाव पर आधारित प्रस्तुति ने सभी को जागरूक किया और खूब सराहना बटोरी।शैक्षिक उपलब्धियों की बात करें तो विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। नर्सरी से लेकर कक्षा आठ तक के छात्रों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कक्षा एनसी, जीकेजी, एसकेजी, प्रथम से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं अभिभावकों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। आयोजन के उपरांत सभी को मिठाई वितरित की गई। कार्यक्रम का संचालन उप प्रधानाचार्य अनुपम राठौर ने किया, जबकि दीक्षा पाराशरी ने सहयोग प्रदान किया।विद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में प्रधानाचार्य नेहा बी एवं प्रबंधक नितिन शर्मा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के आयोजन करने की बात कही।