Thursday, April 2, 2026

मथुरा: हर विधानसभा में मनाया जाएगा भाजपा का स्थापना दिवस

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 31, 2026

मथुरा: हर विधानसभा में मनाया जाएगा भाजपा का स्थापना दिवस

जागरण टुडे, मथुरा

भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस को लेकर मंगलवार को पुष्पांजलि स्थित जिला कार्यालय पर कार्य योजना बैठक आयोजित की गई। बैठक में 7 से 12 अप्रैल तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और जनसंपर्क बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे ने बताया कि स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 5, 6 और 7 अप्रैल को जिला एवं मंडल कार्यालयों को फूलों, रंगोली और आकर्षक लाइटिंग से सजाया जाएगा। 6 अप्रैल को जिला कार्यालय पर ध्वजारोहण, मिष्ठान वितरण और विकास यात्रा पर उद्बोधन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर भी पार्टी का ध्वज फहराएंगे।

उन्होंने बताया कि 6 और 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ स्तर पर प्राथमिक और सक्रिय सदस्यों के साथ-साथ गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इसके बाद 8 या 9 अप्रैल को जिला स्तर पर सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें संगठन की मजबूती और आगामी रणनीति पर चर्चा होगी।

गोकुल विधायक पूरन प्रकाश ने बताया कि 7 से 12 अप्रैल तक ग्राम एवं बस्ती स्तर पर व्यापक संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम और समाज के विभिन्न वर्गों के 25 से 30 प्रमुख लोगों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही ‘चलो गांव की ओर’ अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के 50 गांवों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि सभी कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए विधानसभा वार संयोजक नियुक्त किए गए हैं। स्थापना दिवस पर कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पार्टी का ध्वज लगाकर उसकी सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा करेंगे, जिससे पार्टी की गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके।

बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे ने स्वागत भाषण देते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अमन ठाकुर ने किया।

इस अवसर पर जिला महामंत्री सत्यपाल चौधरी, आकाश चौधरी, जिला मंत्री ओमप्रकाश सैनी, सुरेश तरकर, स्थापना दिवस कार्यक्रम संयोजक कमल किशोर वार्ष्णेय, जिला उपाध्यक्ष मनीषा पाराशर, मुदिता शर्मा, भानु प्रताप सिंह, अनिल चौधरी, महावन मंडल अध्यक्ष भूरे सिंह सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.