बरेली के थाना बारादरी थाना पुलिस के हाथ आए चोर की करतूत ने हर किसी को हैरत में डाल दिया। चोर की हरकत ने न सिर्फ पुलिस को परेशान किया बल्कि उसकी खुद की जान आफत में पड़ गई। चोरी के एक मामले में इस शातिर चोर को पुलिस ने जब पकड़ा तो हाथ में पहना चांदी का ब्रेसलेट निगल गया। अब पुलिस चोर के पेट से ब्रेसलेट निकालने को डॉक्टरों से सलाह ले रही है।
बारादरी थाना क्षेत्र के सम्राट अशोक नगर के गली नंबर तीन निवासी अशोक कुमार सिंह ने बारादरी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 30 मार्च की रात उनके घर में अज्ञात चोर छत के रास्ते घुसा और उनकी बुलेट बाइक, दो मोबाइल व चांदी का ब्रेसलेट चोरी कर ले गया। अशोक कुमार सिंह की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और घटना के वक्त का सीसीटीवी चेक किया तो हजियापुर चुंगी का रहने वाला शातिर चोर सिकंदर निकला।
तलाश के बाद डोहरा रोड के पास से पुलिस ने सिंकदर और बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र निवासी उसके साथी मुकेश को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान सिकंदर ने चोरी का ब्रेसलेट कलाई में पहन रखा था। उसने तुरंत ही वह ब्रेसलेट मुंह में डालकर पानी पी लिया और निगल गया। पुलिस भी उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गई और वहां उसका एक्सरे करवा दिया। इसमें ब्रेसलेट उसके पेट में मौजूद दिख रहा है। अब पुलिस चोर का पेट खाली होने का इंतजार कर रही है। वरना ऑपरेशन के जरिए इस ब्रेसलेट को निकालने के बाद आरोपी को जेल भेजा जाएगा।
चोरी की बुलेट, बाइक और स्मैक बरामद
पकड़े गए आरोपी सिकंदर के पास से तलाशी लेने पर उसकी जेब में 35 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा चोरी की गई बुलेट के अलावा 20 दिन पहले सुरेश शर्मा नगर से चोरी की गई बाइक भी पुलिस ने बरामद की है। पुलिस ने बाइक और बुलेट बरामद करने के बाद वादियों को बुलाकर उनकी पहचान कराई। पूछताछ में जानकारी हुई कि आरोपी ने बाइक के चेचिस और इंजन नंबर को रगड़कर मिटाकर शाहजहांपुर में बेचने का प्लान था। इसके अलावा बुलेट को नेपाल वार्डर पर बेचने की तैयारी चल रही थी।
पांचवी तक पढ़ा है सिकंदर, 10 दिन पहले ही गया था जेल
पकड़े गए आरोपी सिंकदर उर्फ छोटा ने बताया कि वह कक्षा पांच तक पढ़ा है। पूर्व में भी वह कई थानों से चोरी व अन्य मामलों में जेल जा चुका है। उसके ऊपर 18 मुकदमे दर्ज है। 19 मार्च को ही बारादरी पुलिस ने उसे तमंचे और कारतूस के साथ जेल भेजा था। लेकिन 10 दिन में ही वह जमानत कराकर बाहर आ गया था। उसके दो अन्य भाई करामत उर्फ गुड्डू मिर्जापुर जेल में 3 साल से बंद है।
दूसरा भाई शाकिर उर्फ सकरा इज्ज्तनगर से मादक पदार्थ के मुकदमे में जेल में है। वही दूसरा आरोपी कक्षा 8 तक पढ़ा है, वह 2023 में दुष्कर्म के केस में बिथरी चैनपुर से जेल गया था। जेल में ही उसकी सिकंदर से मुलाकात हुई थी। वह सिकदंर के साथ मिलकर चोरी का काम सीख रहा था।
चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जिसमें चोरी किया हुआ ब्रेसलेट एक आरोपी अपने हाथ में पहने हुआ था। लेकिन उसने वह निगल लिया, एक्सरा कराने में उसके पेट में ब्रेसलेट आया है। ब्रेसलेट बाहर निकलवाने के लिए डाक्टरों की सलाह ली जा रही है।- धनंजय पांडे, इंस्पेक्टर बारादरी