मूसाझाग थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुलेआम अवैध तमंचा लहराते हुए नजर आ रहा है। इस घटना ने इलाके में दहशत और आक्रोश दोनों पैदा कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो कमालपुर गांव का बताया जा रहा है। वीडियो में युवक बेखौफ अंदाज में हथियार का प्रदर्शन करता दिखाई दे रहा है। इतना ही नहीं, वह खुद ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करता नजर आ रहा है, जिससे साफ है कि उसे कानून का कोई डर नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन होना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। लोगों का आरोप है कि वीडियो वायरल होने के बावजूद अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में एचपीसीएल प्लांट में हुए डबल मर्डर की घटना ने भी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी थी। इसके बावजूद पुलिस की निष्क्रियता लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है।
इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
अब देखना यह है कि पुलिस इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर कब तक कार्रवाई करती है या फिर यह मामला भी अन्य घटनाओं की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।