बदायूं जिले के दातागंज क्षेत्र के गांव छछऊ में उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत की खुदाई के दौरान जमीन से खाटू श्याम और मां शेरावाली की मूर्तियां निकल आईं। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बन गया और मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
जानकारी के अनुसार, गांव के किसान अंकित पुत्र देवेंद्र पाल सिंह अपने खेत में गेहूं की कटाई कर रहे थे। कटाई के बाद वह शाम को घर चले गए। रात के समय खेत के पास स्थित पुराने देवस्थान के नजदीक कुछ असामान्य संकेत मिलने की बात सामने आई। अगले दिन सुबह अंकित ने जेसीबी मशीन से खेत की खुदाई शुरू कराई।
खुदाई के दौरान कुछ गहराई पर अचानक धार्मिक मूर्तियां दिखाई दीं। पास जाकर देखने पर खाटू श्याम और मां शेरावाली की मूर्तियां निकलीं। यह दृश्य देखते ही आसपास के लोगों को सूचना दी गई, जिसके बाद देखते ही देखते गांव और आसपास के क्षेत्रों से लोगों की भीड़ जुटने लगी।
ग्रामीणों का कहना है कि खेत के पास वर्षों से जहर वीर बाबा का स्थान बना हुआ था, लेकिन किसी को इस बात की जानकारी नहीं थी कि जमीन के अंदर इतनी प्राचीन मूर्तियां दबे हुए हैं। इस घटना को लोग आस्था और चमत्कार से जोड़कर देख रहे हैं।
मूर्ति निकलने की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई, जिससे हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंचने लगे। लोग पूजा-अर्चना कर रहे हैं और इस स्थान को अब एक पवित्र स्थल के रूप में विकसित करने की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बनी हुई है और प्रशासन की नजर भी इस पर बनी हुई है।