Friday, April 3, 2026

Badaun News : पेड़ पर चढ़ा युवक, करंट से मौत

लेखक: Vikas Srivastav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 3, 2026

Badaun News : पेड़ पर चढ़ा युवक, करंट से मौत

जागरण टुडे,बदायूं

बदायूं जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां करंट की चपेट में आने से एक 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, अहिरामई गौटिया निवासी पुरुषोत्तम, पुत्र कालीचरन, तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अपने परिवार के पालन-पोषण में अहम भूमिका निभा रहा था। वह स्थानीय प्रतिष्ठान "श्री मुनि स्वीट्स" पर कार्य करता था और अपनी मेहनत से घर का खर्च चलाने में सहयोग करता था।

बताया जा रहा है कि घटना के दिन उसके मालिक ने उसे देशी दवा के लिए ‘असिस’ के पत्ते लाने को कहा था। पत्ते लेने के लिए पुरुषोत्तम पास के एक पेड़ पर चढ़ गया। दुर्भाग्यवश, उस पेड़ के पास से बिजली की हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। जैसे ही युवक ने पेड़ की टहनी पकड़ी, उसमें करंट दौड़ रहा था, जिसकी चपेट में आते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह हादसा बदायूं के पूनम लोन के पास हुआ, जहां घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। जैसे ही परिवार को घटना की खबर मिली, घर में चीख-पुकार मच गई और सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह एक हादसा माना जा रहा है, लेकिन बिजली विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि पेड़ों के पास से गुजर रही बिजली की लाइनों की नियमित देखरेख नहीं की जाती, जिससे इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी खतरनाक लाइनों को हटाया जाए या सुरक्षित किया जाए ताकि भविष्य में किसी और की जान न जाए।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.