शराब पीने को लेकर घर में होता था विवाद, पत्नी शिक्षामित्र है
उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के थाना सुभाषनगर क्षेत्र में घरेलू कलह से परेशान एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने करीब 15 साल पहले प्रेम विवाह किया था। यह घटना करगैना स्थित गंगानगर कॉलोनी की है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, गंगानगर कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय राजकुमार गिरी पुत्र अमृता लाल पेशे से ड्राइवर थे। परिजनों का कहना है कि वह शराब पीते थे, जिसके चलते अक्सर घर में विवाद होता रहता था। राजकुमार की पत्नी नीलम दीक्षित शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं। दोनों ने करीब 15 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था और तब से साथ रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार को नीलम रोजाना की तरह स्कूल चली गई थीं। दोपहर में जब वह घर लौटीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। किसी तरह दरवाजा खोलने पर उन्होंने देखा कि राजकुमार पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। यह दृश्य देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना किया और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। इसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
परिवार में इस घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है। मृतक के परिवार में उसकी पत्नी और एक बेटी है। परिजन घटना से गहरे सदमे में हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है। पड़ोसियों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी, जो इस घटना का कारण हो सकती है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।