बरेली उपजा प्रेस क्लब में शोकसभा आयोजित कर श्रद्धांजलि दी गई
यूपी जर्नलिस्ट एसोसिएशन (उपजा) के पूर्व प्रदेश महामंत्री और वरिष्ठ पत्रकार रमेश चंद्र जैन का शुक्रवार को निधन हो गया। करीब 77 वर्षीय रमेश जैन के निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। वह लंबे समय से बड़ौत और मेरठ क्षेत्र में सक्रिय रहकर अपनी अलग पहचान बना चुके थे।
परिजनों के अनुसार रमेश चंद्र जैन ने शुक्रवार तड़के अंतिम सांस ली। शुक्रवार शाम बावली रोड स्थित श्मशान घाट बड़ौत में उनका अंतिम संस्कार हुआ। उनके पुत्र गौरव जैन नेमुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में जैन समाज, पत्रकारों और शहर के गणमान्य लोगों बड़ी संख्या मौजूद रहे।
रमेश जैन ने अपने पत्रकारिता जीवन में नवभारत टाइम्स सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में कार्य किया। वह बड़ौत और मेरठ में मान्यता प्राप्त पत्रकार रहे और उपजा के प्रदेश महामंत्री पद पर रहते हुए संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
उनके निधन की सूचना मिलने पर प्रशासनिक स्तर पर भी संवेदना व्यक्त की गई। बताया गया कि एनयूजे यूपी के प्रदेश अध्यक्ष के बख्श सिंह द्वारा जिलाधिकारी मेरठ और बागपत को सूचना दी गई। इसके बाद जिला प्रशासन के अधिकारी उनके आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस तरह किसी पत्रकार के घर पहुंचकर प्रशासन द्वारा श्रद्धांजलि देना पहली बार सामने आया है।
रमेश चंद्र जैन अपने पीछे पुत्र गौरव, वैभव सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे पत्रकार समाज को गहरा आघात पहुंचा है।
शुक्रवार शाम करीब चार बजे बरेली नावल्टी चौराहा के पास स्थित उपजा प्रेस क्लब में एक शोक सभा आयोजित की गई, जिसमें दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख सहने की शक्ति देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
बरेली के अध्यक्ष डॉ. पवन सक्सेना समेत कई पत्रकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक व्यक्त करने वालों में निर्भय सक्सेना, मुकेश तिवारी, पुत्तन सक्सेना, सुभाष चौधरी, संजय श्रीवास्तव, नीरज आनंद, शुभम सिंह, सुयोग्य सिंह, विजय सिंह, अशोक शर्मा, संजीव यादव, शंकर लाल, सुरेश रोचानी, विवेक मिश्रा, अशोक शर्मा उर्फ लोटा मुरादाबादी आदि शामिल रहे।