Sunday, April 19, 2026

Bareilly news : सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह का औचक निरीक्षण, संचारी अभियान और आरोग्य मेले की व्यवस्थाएं मिलीं दुरुस्त

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 19, 2026

Bareilly news : सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह का औचक निरीक्षण, संचारी अभियान और आरोग्य मेले की व्यवस्थाएं मिलीं दुरुस्त

मीरगंज के बल्लिया, धनेटा और हुरहुरी पीएचसी का किया निरीक्षण, स्वास्थ्यकर्मियों के कार्यों का सत्यापन

जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)

मुख्य चिकित्सा अधिकारी बरेली डॉ. विश्राम सिंह ने रविवार को मीरगंज क्षेत्र के ग्राम बल्लिया और धनेटा में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से सीएचओ, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा दस्तक अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों का सत्यापन किया।


निरीक्षण में पाया गया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा ग्रामीणों को संचारी रोगों की रोकथाम, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों को लेकर जागरूक किया गया है। दोनों गांवों में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली और ग्रामीणों में अभियान के प्रति जागरूकता भी दिखाई दी। सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए अभियान को और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।


संचारी अभियान के निरीक्षण के बाद सीएमओ नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हुरहुरी पहुंचे, जहां उन्होंने आरोग्य मेले का भी निरीक्षण किया। यहां मेला सुचारु रूप से संचालित मिला और मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं व्यवस्थित ढंग से उपलब्ध कराई जा रही थीं। चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपुल कुमार सहित समस्त स्टाफ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते मिला।


सीएमओ ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं और मेले की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान और आरोग्य मेले के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाया जा रहा है।

इस दौरान जिला मलेरिया अधिकारी सतेन्द्र सिंह, सीएचसी मीरगंज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वैभव राठौर, बीपीएम, बीसीपीएम, सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ता समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में सक्रियता और जवाबदेही भी देखने को मिली।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.