वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरगंज कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने दो शातिर स्मैक तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 711 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली मीरगंज में तैनात उपनिरीक्षक व कस्बा प्रभारी पंकज कुमार अपनी टीम—एसआई ब्रज किशोर, हेड कांस्टेबल आसिम हुसैन, कांस्टेबल अंकुर कुमार और विवेक शर्मा—के साथ वांछित अपराधियों की तलाश और वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम गांव परौरा जाने वाले मार्ग पर पहुंची, जहां दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम सालिम पुत्र शकील और नावेद पुत्र निहालुद्दीन निवासी गांव मोहनपुर, थाना फरीदपुर (बरेली) बताए। पुलिस ने सालिम के पास से 361 ग्राम तथा नावेद के पास से 350 ग्राम स्मैक बरामद की।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्मैक तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी उजागर किए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी सालिम के खिलाफ थाना भुता और फरीदपुर में तस्करी सहित तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि नावेद के खिलाफ यह पहला मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।