बदायूँ जनपद के कुंवरगांव थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस वक्त दहशत में बदल गया, जब नेग को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम हुसैनपुर करौतिया में किन्नरों द्वारा बारातियों से 21 हजार रुपये की मांग की गई, लेकिन दूल्हा पक्ष द्वारा 2100 रुपये देने पर मामला इतना बढ़ा कि आरोपियों ने अवैध तमंचों से फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस सनसनीखेज घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन बारातियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष के फूल सिंह ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की और 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार अभियुक्तों में रोहित, खुशी, जस्सी, राधा, विनीता और आयान शामिल हैं, जो अलग-अलग स्थानों के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे, पांच जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चार कैंची, पांच लकड़ी के डंडे और एक बोलेरो गाड़ी (UP 24 BB 6345) बरामद की गई है। यह बरामदगी इस बात की पुष्टि करती है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ आए थे और मामूली विवाद को जानलेवा हमले में बदलने में देर नहीं लगाई।
इस घटना को लेकर इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। शादी जैसे खुशी के मौके पर इस तरह की हिंसा ने सामाजिक ताने-बाने पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।