विकास खंड जगत क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुरगांव में चल रहे गली निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार, गांव में इंटरलॉकिंग द्वारा गली का निर्माण रामचरन के घर से सेवाराम के घर तक किया जा रहा है। लेकिन इस निर्माण कार्य के दौरान ग्राम प्रधान की भूमिका पर ग्रामीणों ने सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि गली में पहले से लगी खड़ंजे की ईंटों को हटाकर उन्हें पुनः उपयोग में लाने के बजाय ग्राम प्रधान द्वारा अपने निजी खेत में डलवाया जा रहा है। आरोप है कि यह पूरी प्रक्रिया सुनियोजित तरीके से की जा रही है, ताकि सरकारी सामग्री को निजी लाभ में बदला जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि यह सीधे-सीधे सरकारी धन और संसाधनों के दुरुपयोग का मामला है।
गांव के लोगों ने इस कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन उनका कहना है कि प्रधान ने उनकी एक नहीं सुनी और मनमानी जारी रखी। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का यह भी आरोप है कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाए तो बड़ा घोटाला सामने आ सकता है।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी (BDO) से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका कहना है कि अधिकारी ने फोन तक उठाना जरूरी नहीं समझा। इससे प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लग सके। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है।