बरेली जनपद के शाही थाना क्षेत्र में शादी के दिन बरात निकलने से ठीक पहले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह युवक का शव साप्ताहिक बाजार में आम के पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद जहां शादी वाले घर में मातम छा गया, वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाही कस्बे के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी 22 वर्षीय देवेंद्र मौर्य की शादी रिठौरा के उद्धानापुर गांव में तय हुई थी। शनिवार को बरात जानी थी। शुक्रवार को लग्न का कार्यक्रम धूमधाम से सम्पन्न हुआ था और देर रात तक डीजे पर जश्न चलता रहा।बताया जाता है कि डीजे की तेज आवाज को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी, जिसके बाद उसे मुख्य दरवाजे के पास कर दिया गया। रात करीब दो बजे तक कार्यक्रम के बाद देवेंद्र अपने बहनोई और अन्य रिश्तेदारों के साथ सोने चला गया।
शनिवार सुबह पड़ोसियों ने सूचना दी कि देवेंद्र का शव साप्ताहिक बाजार में आम के पेड़ से लटका हुआ है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि शव करीब छह फीट की ऊंचाई पर पतली रस्सी से बंधा था, जबकि उसके पैर जमीन से मुड़े हुए थे। इस स्थिति को देखकर लोग हैरान रह गए और आत्महत्या पर सवाल उठने लगे।मृतक के पिता रामदास मौर्य का आरोप है कि उनके बेटे की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और वह आत्महत्या नहीं कर सकता। उन्होंने आशंका जताई कि बेटे की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। देवेंद्र परिवार में सबसे छोटा था और मेहनत-मजदूरी कर घर का सहारा बना हुआ था। उसके हाथों में मेहंदी लगी थी और दाहिने हाथ में शादी का कंगन भी था। वह दो दिन पहले ही शादी के लिए बरेली से कोट-पैंट खरीदकर लाया था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बना दिया है।