जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सोमवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला और पुरुष बैरकों के साथ-साथ पाकशाला, चिकित्सालय और कंट्रोल रूम का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल में मौजूद बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
महिला बैरक के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां रह रही महिलाओं से बातचीत कर उनकी मूलभूत सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली। वहीं, पुरुष बैरक में भी बंदियों से संवाद कर उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एक संवेदनशील पहल के तहत जिलाधिकारी और एसएसपी ने कारागार में रह रहे बच्चों को बिस्किट, चॉकलेट, लॉलीपॉप और चिप्स वितरित किए। उन्होंने बच्चों से पहाड़े, गिनती और कविताएं भी सुनीं। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए।
चिकित्सालय के निरीक्षण के समय अधिकारियों ने भर्ती मरीजों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति पर संतोष जताते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने पूरे कारागार परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के साथ ही बंदियों के अधिकारों और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखना होगा।