Wednesday, June 3, 2026

हज-उमराह के नाम पर बरेली के कारोबारी से लाखों की धोखाधड़ी

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 8, 2026

 हज-उमराह के नाम पर बरेली के कारोबारी से लाखों की धोखाधड़ी

जागरण टुडे, बरेली

जनपद बरेली के थाना किला क्षेत्र के मोहल्ला मलूकपुर निवासी एक कारोबारी ने हज-उमराह के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पीड़ित मोहम्मद आलमगीर ने दिल्ली निवासी कुछ लोगों के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित के अनुसार वह अपनी बहन के नाम से “जन्नत हज उमराह प्राइवेट लिमिटेड” नामक कंपनी संचालित करते हैं। आरोप है कि दिल्ली निवासी मोबीन, अनस और उनके अन्य साथियों ने कंपनी की फ्रेंचाइजी लेने के नाम पर उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को भरोसेमंद बताते हुए कारोबार बढ़ाने का आश्वासन दिया और पुराने संबंधों तथा बेरोजगारी का हवाला देकर उनका विश्वास जीत लिया।

मोहम्मद आलमगीर का कहना है कि आरोपियों के कहने पर दो अक्टूबर 2024 को दिल्ली में एक कार्यालय का उद्घाटन भी कराया गया, जिसमें उन्होंने स्वयं हिस्सा लिया और शुरुआती व्यवस्थाओं पर करीब 50 हजार रुपये खर्च किए। इसके बाद आरोपियों ने हज-उमराह यात्राओं की बुकिंग के नाम पर कारोबार शुरू करने की बात कही।

पीड़ित का आरोप है कि 12, 13 और 14 जनवरी 2026 को 154 यात्रियों की बुकिंग दिखाकर उनसे 34 लाख रुपये का चेक सिक्योरिटी के तौर पर ले लिया गया। बाद में उन्हें पता चला कि पूरी योजना सुनियोजित तरीके से उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से बनाई गई थी।

मोहम्मद आलमगीर ने आरोप लगाया कि इस मामले में न केवल आर्थिक धोखाधड़ी की गई, बल्कि धार्मिक भावनाओं से भी खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने थाना किला पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.