महिला सशक्तिकरण की अनोखी पहल, मेधावी छात्रा को सौंपा विद्यालय संचालन का दायित्व
शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों की बढ़ती सफलता और महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को संत मंगलपुरी इंटर कॉलेज, मीरगंज (बरेली)में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत हाई स्कूल परीक्षा में मीरगंज टॉप करने वाली छात्रा कुमारी मुस्कान को एक दिन के लिए विद्यालय का प्रधानाचार्य नियुक्त किया गया। वहीं कॉलेज में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र दक्ष गंगवार को उप प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई।
गौरतलब है कि हाल ही में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा घोषित हाई स्कूल परीक्षा परिणाम में मुस्कान पुत्री बाबू अली ने 91.16 प्रतिशत अंक प्राप्त कर मीरगंज क्षेत्र में टॉप किया था। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने उनकी मेहनत और लगन को सम्मान देने के लिए यह विशेष पहल की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के उप प्रबंधक बाबा अरविंद गिरी ने मुस्कान को प्रधानाचार्य की कुर्सी पर बैठाकर विद्यालय संचालन की जिम्मेदारियों से अवगत कराया। इस अवसर पर मुस्कान ने कहा कि उनका सपना पुलिस अधिकारी बनकर देश सेवा करना है। उन्होंने कहा कि यदि मेहनत और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ा जाए तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती।
वहीं उप प्रधानाचार्य बनाए गए दक्ष गंगवार ने भी विद्यार्थियों को अनुशासन और निरंतर मेहनत का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
अवकाश के समय एक दिन की प्रधानाचार्य मुस्कान और उप प्रधानाचार्य दक्ष गंगवार को उप प्रबंधक बाबा अरविंद गिरी एवं प्रधानाचार्य सोनू गुप्ता द्वारा सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह की पहल विद्यार्थियों को नई प्रेरणा देने के साथ-साथ बेटियों के आत्मविश्वास को भी मजबूत करती है।
यह आयोजन न केवल मेधावी छात्रों के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि समाज को यह संदेश भी दे गया कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से नई ऊंचाइयां छू रही हैं।