Wednesday, June 3, 2026

पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पिता बोले- हत्या कर लटकाया गया

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 11, 2026

 पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पिता बोले- हत्या कर लटकाया गया

जागरण टुडे, फतेहगंज पूर्वी 

बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव गुलनगरा जादोपुर निवासी 26 वर्षीय भरत पुत्र राजपाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जवान बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि भरत पिछले करीब दो वर्षों से बरेली के हरुनगला क्षेत्र में रहकर यूनियन बैंक में नौकरी कर रहा था। वह परिवार की जिम्मेदारियां संभालते हुए पत्नी और आठ माह के बेटे का पालन-पोषण कर रहा था। सोमवार सुबह उसका शव भरतौल क्षेत्र में एक अशोक के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। राहगीरों की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

परिजनों के अनुसार भरत पिछले काफी समय से मानसिक तनाव और घरेलू कलह से परेशान चल रहा था। मृतक के पिता राजपाल ने बताया कि घटना से एक शाम पहले बेटे का फोन आया था। बातचीत के दौरान वह काफी परेशान लग रहा था। उसने कहा था कि अब वह बहुत टूट चुका है और सहन करने की उसकी सीमा खत्म हो गई है। इसके कुछ घंटों बाद ही बेटे की मौत की खबर आ गई।

परिवार के लोगों ने बताया कि भरत का पहला विवाह फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के एक गांव में हुआ था, लेकिन आपसी विवाद के चलते वह रिश्ता टूट गया था। इसके बाद उसने फरीदपुर के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी रिया उर्फ पिंकी से प्रेम विवाह किया था। दंपति का आठ माह का एक बेटा भी है। परिजनों का कहना है कि आर्थिक तंगी और घरेलू विवाद को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी।

हालांकि मृतक के पिता ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि भरत आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

सूचना मिलने पर फतेहगंज पूर्वी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घर के इकलौते कमाने वाले बेटे की मौत के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है। बेटे के शव के सामने बिलखते पिता की आंखों में सिर्फ एक सवाल था कि आखिर उनके जवान बेटे के साथ ऐसा क्या हुआ, जो उसकी जिंदगी इस दर्दनाक अंजाम तक पहुंच गई।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.